बरेली

शिकायतों में घिरे छह पुलिसकर्मी देहात थानों में भेजे गए

वसूली समेत अन्य आरोपों पर जांच के बाद कार्रवाई, एसएसपी ने जारी किए सख्त निर्देश                                        

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : वसूली और अन्य गंभीर आरोपों की शिकायतों में घिरे एसओजी और साइबर सेल के छह पुलिसकर्मियों पर आखिरकार कार्रवाई हो गई है। प्रारंभिक जांच में भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी को तत्काल प्रभाव से देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों में स्थानांतरित कर दिया है। इस कार्रवाई में एक दरोगा भी शामिल है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही संबंधित थानों के इंस्पेक्टरों को इन पुलिसकर्मियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इन पुलिसकर्मियों का हुआ तबादला
जारी आदेश के अनुसार, साइबर थाने में तैनात दरोगा अंकित सिंह को थाना शाही, साइबर सेल के दीवान सतेंद्र कुमार को सिरौली और एसओजी प्रथम से संबद्ध सिपाही को बिशारतगंज भेजा गया है। वहीं साइबर थाने के सिपाही मनीष कुमार का तबादला शीशगढ़, एसओजी द्वितीय के मधुर को क्योलड़िया तथा अंकुर भाटी को शेरगढ़ थाने में भेजा गया है।
थानेदारों को सख्त हिदायतें
एसएसपी अनुराग आर्य ने जिन थानों में इन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, वहां के प्रभारी निरीक्षकों को पांच बिंदुओं पर विशेष निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि संबंधित पुलिसकर्मियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए।
बिना अनुमति थाना क्षेत्र छोड़ने पर रोक
एसएसपी ने साफ निर्देश दिए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के थाना क्षेत्र से बाहर नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और इसे अनुशासन मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button