बरेली
विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए युवाओं को अपनाना होगा वैज्ञानिक दृष्टिकोण ; रामलाल जी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सम्पर्क प्रमुख रामलाल जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने का यह कालखंड केवल गौरव का विषय ही नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण का भी अवसर है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “विकसित भारत 2047” का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा वर्ग शोध, नवाचार एवं विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
महानगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय सभागार में “युवा वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता गोष्ठी” में मुख्य वक्ता श्री रामलाल जी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण भारत को नेतृत्व प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कृष्णपाल सिंह जी शोध में युवा, यांत्रिक अधिगम और कृत्रिम मेधा विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज के समय में कृत्रिम मेधा और यांत्रिक अधिगम जैसे आधुनिक क्षेत्रों में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शोध को केवल अकादमिक उपलब्धि तक सीमित न रखते हुए उसे समाजोपयोगी एवं राष्ट्रहित में प्रयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रचारक कृष्ण चंद जी ,प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी , माननीय प्रांत संघचालक शशांक भाटिया जी, महानगर संघचालक डॉ सत्यपाल जी , विभाग प्रचारक कृष्णा जी , महानगर सह कार्यवाह आलोक जी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विभाग प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र सचान ने किया।




