गोड्डा
NEET (UG) परीक्षा-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में NEET (UG) परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, अग्निशमन, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अभ्यर्थियों के लिए सुगम आवागमन एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी तथा परीक्षा में किसी भी प्रकार की कदाचार की रोकथाम हेतु सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की केंद्रवार प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा उड़नदस्ता टीमों का गठन कर नियमित निरीक्षण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा परिवहन विभाग को यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पीएम केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य द्वारा NEET(UG) परीक्षा-2026 के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ एवं व्यवस्थित कक्ष, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सीटिंग प्लान तैयार किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु गेट पर पर्याप्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्राचार्य ने अवगत कराया कि परीक्षा के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों से समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुँचने, बायोमेट्रिक जांच प्रक्रिया पूर्ण करने, प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र साथ लाने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि गोड्डा जिला अंतर्गत पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, डिस्ट्रिक सीएमएसओई, गोड्डा, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ललमटिया में NEET (UG) 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



