खैरथल
ग्राम रथ अभियान शुरू
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता, 180 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार द्वारा कृषि, पशुपालन एवं ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 23 से 25 मई 2026 को आयोजित ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ (GRAM) के प्रचार-प्रसार हेतु ‘ग्राम रथ अभियान’ 27 अप्रैल से 15 दिवस तक संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले की व्यापक कार्ययोजना के अंतर्गत किशनगढ़ बास, तिजारा एवं मुंडावर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के 4 ब्लॉकों तथा 180 ग्राम पंचायतों को इस अभियान के तहत कवर किया जा रहा है। ग्राम रथ प्रतिदिन 4 से 5 स्थानों पर रुककर ऑडियो-वीडियो माध्यमों से ग्रामीणों को कृषि निवेश, नवाचार एवं आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुंडावर, किशनगढ़ एवं तिजारा विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न ग्रामों में व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ सफलतापूर्वक आयोजित की गईं। मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के भानोत, अजरका, दरबारपुर, शीलगांव एवं बासनी में कार्यक्रम आयोजित हुए तथा बासनी में संध्या चौपाल का सफल आयोजन किया गया। इसी प्रकार किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के राताखुर्द, इस्माइलपुर, झिरंडिया, बाघोर एवं बंबोरा में प्रचार-प्रसार किया गया तथा बंबोरा में संध्या चौपाल आयोजित हुई। तिजारा विधानसभा क्षेत्र के गोठड़ा, गहनकर, मौसमपुर, मंडा एवं भिंडूसी में भी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा भिंडूसी में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया।
इन सभी कार्यक्रमों के दौरान आमजन को राजस्थान सरकार के ग्राम स्तरीय अभियानों एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएँ सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, जिससे आमजन में योजनाओं के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता सुनिश्चित हो सकी।
*29 अप्रैल को ग्राम रथों का रहेगा यह रूट*
जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बताया कि मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गादूवास, बावद, मानका, पलावा एवं गादली गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही गादली में संध्या चौपाल आयोजित होगी, जिसमें आमजन की समस्याओं का समाधान एवं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसी प्रकार किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौंगड़ा, खानपुर मेवान, घासोली, महरमपुर एवं खोहा गांवों में भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा खोहा में संध्या चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
तिजारा विधानसभा क्षेत्र के राईखेड़ा, ढाकी, शाहाबाद, माजरी गुर्जर एवं विरामपुर गांवों में भी ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा विरामपुर में संध्या चौपाल आयोजित की जाएगी।

