बाराबंकी
प्रतिबंधित हरे पेड़ों की कटान एवं ग्रामीण सड़कों पर डंपर रोके जाने हेतु जनकल्याण किसान एसोसिएशन ने दिया ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सोमवार को जनकल्याण किसान एसोसिएशन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण हेतु हरे भरे प्रतिबंधित पेड़ों की कटान पर रोग लगाए जाने एवं मिट्टी खनन में लगे हुए डंपरों को ग्रामीण अंचल की सड़कों पर रोके जाने के संबंध में अलग अलग दो ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रियंका शुक्ला को सौंपे।दिए गए दोनों ज्ञापन में दर्शाया गया कि जिले के सभी क्षेत्रों में सर्वाधिक प्रतिबंधित हरे पेड़ों का कटान होने के कारण पर्यावरण पर संकट के बादल छाते नजर आ रहे हैं। इसी तरह यदि पेड़ों का कटान होता रहा तो एक दिन मानव जीवन भी संकट में आ सकता है। एक तरफ वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाकर पौधरोपण कराया जाता है वहीं दूसरी तरफ उसी विभाग के द्वारा हरे भरे पेड़ों का परमिट जारी कर पेड़ों को कटवा दिया जाता है। परमिट की आड़ में वन माफिया संबंधित जिम्मेदारों से साठ गांठ कर अनुमति से अधिक पेड़ों का कटान कर सबूत छिपाने हेतु उनकी जड़ों को जेसीबी से नष्ट कर देते हैं। जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान तो पहुंच ही रहा है साथ ही अवैद्य रूप से काटे गए पेड़ो से राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।ज्ञापन में यह भी लिखा गया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित हरे भरे पेड़ो की कटान पर 5 सालों तक रोक लगाना जनहित में उचित होगा क्योंकि पुराने हरे भरे पेड़ों के नष्ट होने से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है और नए पेड़ो को तैयार होने में भी कम से कम पांच वर्ष लगेंगे।वही मिट्टी खनन के बारे में लिखा गया है कि मिट्टी भरे डंपरों पर तिरपाल डालना बिल्कुल अनिवार्य किया जाए।बिना तिरपाल लगाए किसी मिट्टी भरे डंपर की फोटो यदि सोशल मीडिया पर वायरल होती है तो तत्काल उसे सीज किया जाए।ग्रामीण अंचल की सड़कों पर एवं किसी भी गांव के अंदर अथवा गांव से सटी हुई सड़कों पर मिट्टी भरे डंपरों को निकालने पर शत प्रतिशत रोक लगाई जाए। ऐसी स्थिति में जहां एक तरफ हमारी सड़कों को डंपरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया जाता है वहीं दूसरी तरफ दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं।
ग्रामीण अंचल की सड़कों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए अनुमति प्राप्त मिट्टी खनन कार्य में डंपरों की जगह ट्रैक्टर ट्रालियों का उपयोग करना उचित रहेगा।थाना सतरिख, मसौली, जहांगीराबाद, फतेहपुर, खाला मोहम्मदपुर, सफदरगंज, कुर्सी, रामनगर, जैदपुर, रामसनेहीघाट, देवा, माती ,कोतवाली नगर सहित जनपद के सभी थानों में रातों दिन बराबर ट्रैक्टर ट्रालियों से अवैद्य मिट्टी खनन कराया जाता है जिसपर पूर्णतया विराम लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा जिस क्षेत्र में अवैद्य मिट्टी खनन में लगे डंपर व ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी जाएं उस क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारी एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों के खिलाफ भी कठोर कार्यवाही की जाए।मीडिया द्वारा लिए गए बयान में चेयरमैन ने यह भी कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से उपरोक्त मांगों पर विचार नहीं किया गया तो जनकल्याण किसान एसोसिएशन किसी भी समय एवं किसी भी स्थान पर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा जिसकी सारी जिम्मेदारी खनन विभाग एवं जिला प्रशासन की होगी।



