गोड्डा

नये उपायुक्त ने किया सदर अस्पताल का पहली बार निरीक्षण

 स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी
गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा सदर अस्पताल का पहली बार औचक निरीक्षण किया‌। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, दवा वितरण केंद्र, लैब, ब्लड बैंक तथा विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों से सीधे संवाद किया एवं उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सेवाओं के प्रति संतुष्टि का फीडबैक लिया। उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में साफ – सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, समय पर दवा उपलब्ध कराने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही मरीजों के लिए पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा सभी आवश्यक सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, सिविल सर्जन, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. ताराशंकर झा सहित स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button