नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने लोगों को चौंका दिया। करीब सवा तीन बजे के आसपास तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। कुछ ही देर में मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। अचानक हुई इस बारिश और ओलों ने स्थानीय नागरिकों को असमंजस में डाल दिया। हालांकि, थोड़ी देर बाद ओलावृष्टि थम गई, लेकिन ठंडी हवाओं ने भीषण गर्मी से राहत जरूर दिलाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर तक तेज धूप और उमस बनी हुई थी, लेकिन अचानक मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई और माहौल सुहावना हो गया। हालांकि, किसानों और रोजमर्रा के काम करने वालों के लिए यह बदलाव चिंता का कारण भी बना।
इसी तरह का मौसम परिवर्तन पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिला है। बीते 24 घंटों में तेज हवाओं और बारिश ने प्रदेश के कई जिलों में गर्मी से राहत दी है। गुरुवार सुबह भी ठंडी हवाओं के साथ खुशनुमा माहौल बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के करीब 35 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 11 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बुधवार को हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और वाराणसी में 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अमेठी और आजमगढ़ में भी करीब 5 मिमी बारिश हुई। वहीं लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली में ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मध्य क्षोभमंडल में उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह मौसम परिवर्तन हुआ है। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, झांसी समेत कई जिले शामिल हैं।
फिलहाल, जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं अचानक बदलते मौसम ने सतर्क रहने की जरूरत भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी, बिजली और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


