खैरथल
अब श्रीलंका में गूंजेगा जुबेर का नाम
टीम इंडिया की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरेगा अलवर का लाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल : खैरथल-तिजारा के जुबेर खान का चयन भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में हुआ है. वे 26-28 मई तक श्रीलंका के कोलंबो में होने वाली इंटरनेशनल 3T-20 सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. 2016 से राजस्थान के लिए खेल रहे ऑलराउंडर जुबेर ने बचपन में खेल के मैदान में दिव्यांगता के कारण हुए भेदभाव को अपनी ताकत बनाया. उन्होंने घर की छत पर अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया है. अब उनका लक्ष्य श्रीलंका में जीत दर्ज कर भविष्य में भारत को वर्ल्ड कप जिताना है.
कहते हैं कि यदि इरादे मजबूत हों, तो शारीरिक अक्षमता कभी सफलता के आड़े नहीं आती. इस बात को सच कर दिखाया है खैरथल-तिजारा जिले के बखथला गांव (किशनगढ़ बास) निवासी जुबेर खान ने. जुबेर का चयन भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में हुआ है, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है. ग्रामीणों और दोस्तों ने साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर इस गौरवशाली पल का स्वागत किया. राजस्थान से चयनित कुल चार खिलाड़ियों में से दो खिलाड़ी अकेले अलवर जिले से हैं, जिनमें जुबेर खान एक प्रमुख नाम हैं.
लायन व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन (इंडिया) के आधिकारिक चयन पत्र के अनुसार, जुबेर खान आगामी 26 से 28 मई तक श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित होने वाली ‘इंटरनेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट 3T-20 सीरीज’ में खेलेंगे. वे टीम में एक ऑलराउंडर की भूमिका निभाते नजर आएंगे. जुबेर और उनकी टीम को 25 मई को चेन्नई एयरपोर्ट पर रिपोर्ट करना है, जहाँ से वे श्रीलंका के लिए रवाना होंगे. उनकी यह उपलब्धि आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गई है.
बचपन का संघर्ष और टीवी से जागा जुनून
जुबेर खान की सफलता के पीछे कड़ा संघर्ष छिपा है. बातचीत में उन्होंने बताया कि बचपन में जब गांव के बच्चे उन्हें दिव्यांग होने के कारण टीम में नहीं खिलाते थे, तो उन्हें गहरा दुख होता था. लेकिन भारत-पाकिस्तान के मैच देखकर उनके भीतर देश के लिए खेलने का जुनून जागा. उन्होंने किसी मैदान की कमी को आड़े नहीं आने दिया और अपने घर की छत पर नेट लगाकर व्हीलचेयर पर ही क्रिकेट का अभ्यास शुरू किया. धीरे-धीरे उनकी प्रतिभा निखती गई और उन्होंने अलवर जिला टीम से होते हुए राजस्थान की टीम में जगह बनाई.


