जालौन

दिव्यांगजन सशक्तिकरण को मिलेगी रफ्तार, जिले भर में लगेंगे निःशुल्क परीक्षण शिविर

 निर्धारित तिथियों पर ब्लॉक मुख्यालयों में होंगे आयोजन

 सहायक उपकरण पाकर आत्मनिर्भर बनेंगे दिव्यांगजनःप्रवीण सिंह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद जालौन में दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना अंतर्गत निःशुल्क परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में 8 मई 2026 से 28 मई 2026 तक जनपद के विभिन्न विकास खंड मुख्यालयों एवं जिला मुख्यालय पर यह शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह शिविर क्रमशः 8 मई को डकोर, 11 मई को कदौरा, 13 मई को महेवा, 15 मई को नदीगांव, 18 मई को कोंच, 20 मई को रामपुरा, 22 मई को माधौगढ़, 25 मई को जालौन, 26 मई को कुठौंद तथा 28 मई को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, उरई में आयोजित होंगे। सभी शिविरों का समय प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिससे लाभार्थी समय से पहुंचकर अपना परीक्षण करा सकें। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिविरों में दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम हाथ-पैर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हील चेयर, बैसाखी, कान की मशीन, स्मार्ट केन, वॉकिंग स्टिक सहित अन्य सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही विभाग की अन्य योजनाओं जैसे दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान, दुकान निर्माणध्संचालन योजना एवं शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना के पात्र लाभार्थियों का भी चिन्हांकन किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों से अपील की कि वह अपने नजदीकी विकास खंड मुख्यालय पर निर्धारित तिथि में उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी दिव्यांगजन सुविधाओं से वंचित न रहे और जिला प्रशासन इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button