जालौन
नवविवाहित दंपति की संदिग्ध मौत, कमरे में लटके मिले शव
आठ माह की मासूम बेटी को छोड़ गए दंपत्ति गांव में पसरा मातम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। कोतवाली जालौन क्षेत्र के ग्राम बिरिया खुर्द में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब नवविवाहित दंपति के शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। मृतकों की पहचान विवेक (22) पुत्र रामप्रकाश एवं उनकी पत्नी साधना (21) निवासी ग्राम बिरिया खुर्द के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपति अपने पीछे 8 माह की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी जालौन एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जालौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सीओ जालौन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।


