जोमैटो कर्मचारी ने श्रीबालाजी मंदिर के जनसेवा स्थल प्याऊ से टोटी चोरी…
सीसीटीवी में दिखाई दिया टोटी चोर....

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हापुड़ – हापुड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दिव्य बालाजी धाम द्वारा गंगा-जमुना सिद्धपीठ, हापुड़ में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों की सेवा हेतु निशुल्क ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है । भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा जनसेवा के उद्देश्य से यह सुविधा निरंतर संचालित की जा रही है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके। लेकिन रात्रि लगभग 1:30 बजे जोमैटो कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा उक्त जनसेवा स्थल पर लगी पानी की टोटी चोरी करते हुए घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई ।
इस घटना पर मंदिर के महंत आचार्य यशवर्धन जी ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि धार्मिक एवं जनहित कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले ऐसे कृत्य किसी भी प्रकार से स्वीकार्य नहीं हैं। प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति जनसेवा के कार्यों को नुकसान पहुंचाने का साहस न कर सके।
हालांकि इसके बाद भी दिव्य बालाजी धाम मंदिर परिसर एवं उसके आसपास जनसेवा के कार्य पूर्व की भांति निरंतर चलते रहेंगे और समाजहित में सेवा कार्यों को किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं दिया जाएगा।



