शामली
खुले में रखा 3500 कट्टों का गेहूं, पांच दिन से नहीं पहुंचा वाहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। क्षेत्र की सहकारी समिति पर पिछले पांच दिनों से गेहूं उठान के लिए वाहन नहीं पहुंचने के कारण हजारों कट्टे खुले आसमान के नीचे पड़े हैं। लगातार बदलते मौसम और बीच-बीच में हो रही बरसात से गेहूं भीगने का खतरा बढ़ गया है। समिति प्रशासन ने कट्टों को पन्नी से ढक रखा है, लेकिन बारिश का पानी भरने से कई कट्टों में नमी आने लगी है।
सहकारी समिति परिसर में करीब 3500 गेहूं के कट्टों का स्टॉक रखा हुआ है। वाहन नहीं आने के कारण उठान कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। गुरुवार को हुई बरसात के दौरान समिति के बराबर से गुजर रही गली का पानी कट्टों तक पहुंच गया, जिससे कुछ कट्टे भीग गए। किसानों, अरविंद , राहुल,मैनपाल, कुलदीप, रोहित, आदि, का कहना है कि यदि जल्द उठान नहीं हुआ तो गेहूं खराब हो जाएगी। खुले में रखा गेहूं लगातार मौसम की मार झेल रहा है और नमी बढ़ने से गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।
समिति परिसर में पर्याप्त सुरक्षित जगह नहीं होने के कारण अधिकांश कट्टे बाहर खुले में पड़ा हैं।
समिति प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि समिति पर करीब 3500 कट्टों का स्टॉक रखा हुआ है। बरसात से बचाव के लिए गेहूं पर पन्नी ढकी गई है, लेकिन गली का पानी आने से कुछ कट्टों में नमी आ जाती है। उच्च अधिकारियों को वाहन भेजने के लिए अवगत कराया गया है और शाम तक एक गाड़ी आने की उम्मीद है।

