कैराना

ऑपरेशन सवेरा में कैराना पुलिस को बड़ी सफलता

एक करोड़ छह लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

बाईपास पर चेकिंग के दौरान दबोचा, 529 ग्राम स्मैक बरामद, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। शामली पुलिस के “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत कैराना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 529 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ छह लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात उपनिरीक्षक विनोद राघव अपनी टीम के साथ कैराना बाईपास पुल के निकट कांधला रोड स्थित बंबा पटरी मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक युवक हाथ में काली पन्नी लिए आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक संदिग्ध अवस्था में पीछे मुड़कर तेजी से चलने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमजद पुत्र इरफान निवासी मोहल्ला आलखुर्द, वार्ड नंबर चार, थाना कैराना बताया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद काली पन्नी से हल्के गुलाबी रंग का चूरानुमा पदार्थ बरामद हुआ, जो जांच में स्मैक निकला। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर इसका वजन 529 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किसी अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाया था और क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। पुलिस ने बरामद स्मैक को सील कर कब्जे में ले लिया तथा गिरफ्तारी और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद राघव, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार और कांस्टेबल सोनू भाटी शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button