
डिजिटल होगी जनगणना, घर-घर पहुंचेंगे कर्मी
बीडीओ सोनाराम हांसदा ने बांटी जनगणना किट
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा : प्रखंड में भारत की जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को महागामा प्रखंड सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा ने सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मियों को जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में बीडीओ ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार है। सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाएं जनगणना के आंकड़ों पर ही आधारित होती हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि महागामा प्रखंड का कोई भी व्यक्ति या परिवार सूचीकरण से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। सभी प्रगणकों को पहले ही तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा चुका है, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। जनगणना किट में पहचान पत्र, प्रगणक डायरी, आवश्यक प्रपत्र एवं अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। बीडीओ ने सभी कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर सही जानकारी एकत्र करें तथा आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित और समयबद्ध जनगणना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी देवीलाल सोरेन, गोकुल ठाकुर, रीतेश रंजन, मुरारी प्रसाद शर्मा, राजेंद्र पंडित, निलेश कुमार, सनातन कुमार दास, नियाज अहमद एवं शहजाद अनवर सहित बड़ी संख्या में पर्यवेक्षक और प्रगणक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सभी कर्मियों ने समय पर एवं सफलतापूर्वक जनगणना कार्य पूरा करने का संकल्प लिया।
आज से शुरू हुआ पहला चरण
गौरतलब है कि जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत हाउसलिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है। महागामा प्रखंड में इस कार्य के लिए कुल 311 प्रगणक और 52 पर्यवेक्षक प्रतिनियुक्त किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर घर तक पहुंचकर सटीक आंकड़े एकत्र किए जाएं, ताकि विकास योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।



