शिक्षा बैंक की पहल से खिले चेहरे
18 बच्चों को मिलीं किताबें, 1 को यूनिफॉर्म, 1 छात्र की भरी पूरे साल की फीस।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली । शिक्षा बैंक_ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटी-छोटी मदद से किसी का पूरा भविष्य संवारा जा सकता है। दानदाताओं के सहयोग से चल रहे इस अभियान के तहत शिक्षा बैंक की महामंत्री रुचि जैन के नेतृत्व में हाल ही में 18 जरूरतमंद बच्चों को नए शैक्षणिक सत्र की संपूर्ण पाठ्यपुस्तकें, 1 बच्चे को स्कूल यूनिफॉर्म तथा 1 मेधावी छात्र की पूरे वर्ष की स्कूल फीस का भुगतान किया गया।
इस सहायता से उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है जो आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ थे। शिक्षा बैंक का मानना है कि कोई भी बच्चा केवल पैसों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
महामंत्री रुचि जैन ने बताया, “हमें समाज के विभिन्न वर्गों से दान के रूप में जो भी सहयोग प्राप्त होता है, हम उसे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ सीधे बच्चों की शिक्षा पर खर्च करते हैं। एक बच्चे की फीस भरने से या उसे किताबें देने से न केवल उसका वर्तमान सुधरता है, बल्कि पूरे परिवार का भविष्य सुरक्षित होता है। बच्चों की गोपनीयता और आत्मसम्मान का विशेष ध्यान रखते हुए यह सहायता प्रदान की जाती है।”
लाभान्वित बच्चों के अभिभावकों ने शिक्षा बैंक एवं महामंत्री रुचि जैन का आभार व्यक्त किया।
शिक्षा बैंक ने सभी दानदाताओं का हृदय से धन्यवाद किया है जिनके सहयोग से यह संभव हो सका। साथ ही संस्था ने समाज के सक्षम लोगों से अपील की है कि वे पुरानी किताबें, स्टेशनरी या आर्थिक सहयोग के माध्यम से इस नेक कार्य से जुड़ें। क्योंकि आपका छोटा सा दान, किसी बच्चे की जिंदगी बदल सकता है।



