ललितपुर

हाइवे किनारे केले के कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

आग की ऊंची लपटों से मचा हड़कंप, दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। हाइवे स्थित नहर के पास बने केले के गोदाम (कोल्ड स्टोरेज) में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में केले का स्टॉक और क्रेट रखे हुए थे। आग लगने के कारण देखते ही देखते पूरा गोदाम धुएं और आग की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार गोदाम के मालिक बदायूं निवासी बताए जा रहे हैं। घटना में गोदाम में रखा लगभग 10 लाख रुपये नकद और करीब 5 हजार क्रेट जलकर नष्ट हो गए। अनुमानित तौर पर कुल 40 से 50 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और संपत्तियों को नुकसान होने से बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हड़कंप का माहौल बना रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button