कैराना
कातिलाना हमले का आरोपी भाई चढ़ा पुलिस के हत्थे, नवजात भांजी, बहन समेत चार को किया था लहूलुहान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। गांव मलकपुर में सगी बहन, 20 दिन की नवजात भांजी समेत चार महिलाओं पर धारदार हथियार से कातिलाना हमला कर सनसनी फैलाने वाले आरोपी भाई को पुलिस ने उसकी पत्नी सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दरांती भी बरामद कर ली है।
मंगलवार दोपहर गांव मलकपुर निवासी सद्दाम घर पहुंचा और अपनी बहन इमरानी से खाना मांगा। खाना खाने के कुछ देर बाद उसे उल्टी हुई, जिसके बाद उसने भोजन में जहर मिलाने का शक जताया।आरोप है कि इसी बात पर उसने आपा खो दिया और घर में रखी धारदार दांव उठाकर अपनी बहन इमरानी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में इमरानी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद 20 दिन की नवजात बेटी भी हमले की चपेट में आकर घायल हो गई। घर से चीख-पुकार सुनकर बचाव के लिए पहुंचीं पड़ोस की मुस्कान पुत्री इमरान और सीमा पत्नी गुफरान पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। वारदात में चारों महिलाएं लहूलुहान हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। मामले में गुफरान पुत्र यूनुस की तहरीर पर कोतवाली कैराना में सद्दाम और उसकी पत्नी सन्नो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों पर गाली-गलौज, मारपीट और धारदार हथियार से हमला कर घायल करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत थाना कैराना पुलिस ने बुधवार को आरोपी सद्दाम पुत्र हनीफ और उसकी पत्नी सन्नो निवासी मलकपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त दरांती भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गौरव चौहान, हेड कांस्टेबल ज्योति प्रकाश और हेड कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।