बागपत

बागपत में हरित प्राण ट्रस्ट की अनोखी पहल

अब बोतलनुमा “प्लास्टिक कलेक्शन बैंक” में जमा होगा वेस्ट प्लास्टिक

जिलाधिकारी के नेतृत्व में शुरू हुआ अभियान, जनपद के 10 स्थानों पर लगाए जाएंगे प्लास्टिक कलेक्शन बैंक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद बागपत में हरित प्राण ट्रस्ट द्वारा एक अनोखी और सराहनीय पहल की गई है। बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने और लोगों को जागरूक करने के लिए ट्रस्ट की ओर से बोतल के आकार की विशेष “प्लास्टिक कलेक्शन बैंक” तैयार कराई गई हैं, जिन्हें जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।
इस अभियान की शुरुआत 20 मई को जिलाधिकारी अश्मित लाल के नेतृत्व में की गई। अभियान के प्रथम चरण में प्लास्टिक कलेक्शन बैंक को स्थापित कर लोगों को वेस्ट प्लास्टिक अलग से एकत्रित करने के लिए प्रेरित किया गया।
हरित प्राण ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में प्लास्टिक प्रदूषण एक गंभीर समस्या बन चुका है। सड़क किनारे, नालों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर फेंकी जाने वाली प्लास्टिक न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही है बल्कि मानव स्वास्थ्य और पशुओं के लिए भी खतरा बनती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यह अभिनव पहल शुरू की है।
बताया गया कि जनपद में कुल 10 प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां यह बोतलनुमा प्लास्टिक कलेक्शन बैंक लगाए जाएंगे। इन बैंकों में लोग पानी की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक बोतलें, प्लास्टिक रैपर और अन्य वेस्ट प्लास्टिक सामग्री डाल सकेंगे। बाद में एकत्रित प्लास्टिक को रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा, जिससे प्लास्टिक कचरे का सही निस्तारण संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अश्मित लाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि लोग अपने घरों और आसपास प्लास्टिक को अलग-अलग एकत्रित करना शुरू कर दें तो स्वच्छता अभियान को बड़ी सफलता मिल सकती है। उन्होंने नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
हरित प्राण ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल प्लास्टिक एकत्रित करना नहीं बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाना भी है। स्कूलों, बाजारों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सुरेंद्र मलानिया ने हरित प्राण ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज प्लास्टिक प्रदूषण पूरे देश के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यदि समय रहते समाज जागरूक नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियों को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बागपत में बोतल के आकार की प्लास्टिक कलेक्शन बैंक लगाना एक रचनात्मक और जनजागरूकता बढ़ाने वाला कदम है, जिससे लोग स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित होंगे।
उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन या संस्थाओं के प्रयासों से पर्यावरण सुरक्षित नहीं हो सकता, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालने की आदत विकसित करनी होगी।
सुरेंद्र मलानिया ने युवाओं और विद्यार्थियों से विशेष रूप से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि नई पीढ़ी यदि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प ले ले तो समाज में बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने हरित प्राण ट्रस्ट और जिलाधिकारी अश्मित लाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान को जनहित और पर्यावरण हित में बेहद महत्वपूर्ण बताया।
स्थानीय लोगों ने भी ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहें तो आने वाले समय में बागपत को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।
पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव बनते हैं और हरित प्राण ट्रस्ट की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
हरित प्राण अध्यक्ष डॉ दिनेश बंसल , मुकेश चौधरी , सुभाष जैन , महेंद्र गोयल , आशीष दांगी और वरुण बंसल इस अवसर पर उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button