कैराना
ईद-उल-अजहा को लेकर प्रशासन अलर्ट
शांति समिति बैठक में सौहार्द, सफाई और बिजली व्यवस्था पर मंथन

खुले में कुर्बानी व सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने से बचने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में नगर के गणमान्य लोगों, धर्मगुरुओं और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बुधवार की शाम कोतवाली परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम शिवा जी यादव ने कहा कि कुर्बानी खुले स्थानों पर नहीं की जाए और उसके अवशेष इधर-उधर न फेंके जाएं। नगर पालिका प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर गड्ढे खुदवाए जाएंगे, उनमें ही अवशेष डाले जाएं ताकि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि पालिका कर्मी त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की कि अवशेष डालने के कार्य को समझदार व्यक्ति ही करें और बच्चों को इससे दूर रखा जाए।उन्होंने ने लोगों से विशेष अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी से संबंधित किसी भी प्रकार के वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, ताकि किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत न हों।त्योहार को भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में एसडीओ विद्युत अमित कुमार ने कहा कि ईद-उल-अजहा के अवसर पर पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है, इसलिए विद्युत विभाग की ओर से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि 24 घंटे विद्युत आपूर्ति बनाए रखने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश ट्रांसफार्मर फुंक जाता है तो विभाग के पास इमरजेंसी के लिए ट्रॉली ट्रांसफार्मर उपलब्ध रहेगा, जिसे तत्काल मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। जामा मस्जिद के इमाम मौलाना ताहिर ने कहा कि ईदगाह और जामा मस्जिद में नमाज व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक पुलिस के साथ मौजूद रहेंगे। वॉलेंटियर नमाजियों की संख्या और स्थिति के अनुसार उन्हें व्यवस्थित तरीके से अंदर प्रवेश कराने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पर्याप्त स्थान होने के बावजूद कुछ नमाजियों को बाहर रोका गया था। इस बार बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्था बनाए जाने की उम्मीद है ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे, जिससे ईद-उल-अजहा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इस दौरान सीओ कैराना हेमंत कुमार,कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री,अधिशासी अधिकारी कैराना समीर कश्यप, नायब तहसीलदार कैराना सतीश यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।