ललितपुर
शुक्रवार परेड में एसपी मो.मुश्ताक ने परखा पुलिस बल का अनुशासन
उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को नगद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की ड्रिल, अनुशासन, ड्रेस कोड एवं पुलिस कर्मियों के तालमेल का सूक्ष्मता से अवलोकन किया तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। तदोपरांत पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैन्टीन एवं कंट्रोल रूम सहित विभिन्न शाखाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डायल-112 के पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने वाहनों की साफ-सफाई, वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब एवं अन्य आपातकालीन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश देते हुए रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा अर्दली रूम का आयोजन कर विभिन्न शाखाओं के रजिस्टरों एवं लंबित पत्रावलियों की समीक्षा की गई। विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाहियों एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया गया। परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षु आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों की नोटबुक और व्यावहारिक प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए उनकी जानकारी परखी गई। साथ ही दंगा नियंत्रण से संबंधित तकनीकी एवं वैधानिक जानकारी देते हुए बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। पुलिस कर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, दंगा ढाल, गैस मास्क जैसे आधुनिक उपकरणों के संयमित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। इसके अलावा अवैधानिक भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा बनाने, चेतावनी प्रक्रिया तथा मानवाधिकारों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बल प्रयोग के संबंध में भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
