जालौन
संपूर्ण थाना दिवस में फरियादियों की उमड़ी भीड़, 22 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण
उप जिलाधिकारी रिंकू सिंह राही बोले आईजीआरएस पर करें शिकायत

समाधान न होने पर सीधे प्रशासन से करें संपर्क”
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। कोतवाली जालौन में शनिवार को आयोजित संपूर्ण थाना दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ देखने को मिली। उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
थाना दिवस के दौरान कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें भूमि विवाद, कब्जा, रास्ता, बिजली एवं अन्य विभागीय समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि 12 शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर भेजा गया। इसके अलावा 6 शिकायतें ऐसी पाई गईं जो पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित नहीं थीं। इन शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई एवं शीघ्र निस्तारण के लिए भेज दिया गया। इनमें कुछ शिकायतें विद्युत विभाग से भी जुड़ी हुई थीं। थाना दिवस में मौजूद उप जिलाधिकारी रिंकू सिंह राही ने लोगों को आईजीआरएस एवं जनसुनवाई पोर्टल के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आमजन घर बैठे भी अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायतों की निगरानी सीधे उच्च अधिकारियों द्वारा की जाती है, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनी रहती है और संबंधित विभाग की जवाबदेही भी तय होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आईजीआरएस अथवा जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समाधान नहीं होता है तो शिकायतकर्ता उसकी प्रति लेकर प्रशासन के पास आए। ऐसे मामलों में प्रशासन स्वयं हस्तक्षेप कर संबंधित विभागों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। थाना दिवस में क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र सहित पुलिस, राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।
