जालौन
गंगा दशहरा, बकरीद पर सुरक्षा, सौहार्द, व्यवस्थाओं का रहेगा विशेष फोकस
डीएम-एसपी ने शांति समिति बैठक में दिए निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। आगामी गंगा दशहरा एवं ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक कर संबंधित अधिकारियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और परंपराओं के सम्मान का प्रतीक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चैबंद रहे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गंगा दशहरा के अवसर पर घाटों, मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं बकरीद के दृष्टिगत सफाई, पेयजल और बिजली सहित सभी चिन्हित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हों, इसके लिए सभी उक्त नामित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सभी विभाग इस हेतु नोडल अधिकारी, कर्मचारी की तैनाती समय पूर्व कर ली जाए। इसमें कोई भी लापरवाही किसी भी स्तर पर ना बरती जाए। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट करने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त एवं ड्रोन, सीसीटीवी निगरानी के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, विद्युत, स्वास्थ्य, जल संस्थान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं धर्मगुरु शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
