जालौन
कोंच कोतवाली पुलिस ने 3.650 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कोंच। जालौन जनपद की कोंच कोतवाली पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 3.650 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद भर में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद एवं कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में कोंच पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 3.650 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम निखिल वर्मा पुत्र स्वर्गीय देवेन्द्र कुमार निवासी ग्राम अण्डा कोतवाली कोंच तथा बुद्ध सिंह रैकवार पुत्र चन्द्रशेखर निवासी ग्राम अण्डा कोतवाली कोंच जनपद जालौन बताए। दोनों की उम्र लगभग 26 से 27 वर्ष बताई गई है। पुलिस द्वारा बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर कोतवाली कोंच में मुकदमा अपराध संख्या 105/2026 धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कोंच पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस लगातार अभियान चलाकर नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका संबंध किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है वहीं आम लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

