बरेली
27 वर्षीय युवक को पड़ा बड़ा हार्ट अटैक, मैक्स हॉस्पिटल पटपड़गंज के डॉक्टरों ने बचाई जान
डॉ. वैभव मिश्रा के नेतृत्व में इमरजेंसी बायपास सर्जरी कर बचाई मरीज की जिंदगी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। युवाओं में तेजी से बढ़ रहे हृदय रोग के मामलों के बीच राजधानी दिल्ली स्थित मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज के डॉक्टरों ने एक 27 वर्षीय युवक की जान बचाकर बड़ी सफलता हासिल की है। युवक को हार्ट की मुख्य धमनी में गंभीर ब्लॉकेज के कारण बड़ा हार्ट अटैक आया था। समय रहते की गई इमरजेंसी बायपास सर्जरी से उसकी जान बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार बरेली निवासी 27 वर्षीय राजेश मौर्य को अचानक सीने में दर्द, बेचैनी और असहजता महसूस हुई। शुरुआत में यह सामान्य परेशानी लग रही थी, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि उनकी लेफ्ट मेन कोरोनरी आर्टरी में गंभीर ब्लॉकेज था। इस धमनी को चिकित्सा भाषा में “विडो-मेकर आर्टरी” कहा जाता है, क्योंकि इसमें ब्लॉकेज होने पर जानलेवा हार्ट अटैक का खतरा बहुत अधिक होता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वह न तो धूम्रपान करते थे, न डायबिटीज के मरीज थे और न ही परिवार में हृदय रोग का कोई इतिहास था। इसके बावजूद इतनी कम उम्र में गंभीर हार्ट अटैक आने से डॉक्टरों ने युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल की मल्टीडिसिप्लिनरी कार्डियक टीम ने तुरंत इमरजेंसी कोरोनरी आर्टरी बायपास ग्राफ्टिंग (CABG) सर्जरी की। सर्जरी सफल रही और अब मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है।
डॉ. वैभव मिश्रा ने बताया कि अब 20 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं में भी गंभीर हृदय रोग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। युवाओं को नियमित हेल्थ चेकअप कराने, तनाव कम रखने, पर्याप्त नींद लेने, नियमित व्यायाम करने और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करने की सलाह दी है।



