ललितपुर

ब्रह्माकुमारी संस्थान ने चलाया नशा मुक्ति भारत अभियान

चलचित्र और कुम्भकरण झांकियों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से जिले में नशा मुक्ति भारत अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 2 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्थान की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान चलचित्र एवं कुंभकरण झांकियों के माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया जा रहा है तथा उन्हें नशा छोडऩे की शपथ भी दिलाई जा रही है। अभियान का शुभारंभ परमात्म स्मृति के साथ किया गया, जिसमें राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी (सेंटर इंचार्ज), राजयोगिनी बीके मायारानी दीदी, बीके गीता दीदी, बीके प्रीती दीदी, बीके रुबी दीदी, बीके प्रियंका दीदी, बीके निशा बहन, बीके पूजा बहन, बीके शिवानी बहन, बीके यशवंत भाई, बीके रोहित भाई सहित समस्त ब्रह्माकुमारी परिवार मौजूद रहा। राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी ने अभियान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवार और आसपास के लोगों को जागरूक कर उन्हें बेहतर जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुम्भकरण अपनी शक्तियों को पहचान नहीं पाया और जीवन निद्रा में व्यतीत कर दिया, उसी प्रकार नशे की गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति भी अपनी वास्तविक शक्तियों और जीवन के उद्देश्य को भूल जाता है। बीके प्रीती दीदी ने कहा कि मानव शरीर परमात्मा का दिया हुआ अनमोल उपहार है। नशा न केवल शारीरिक रूप से कमजोर बनाता है, बल्कि मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से भी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने बताया कि नशे के कारण हृदय, फेंफड़े, मस्तिष्क, लीवर और मुंह जैसे अंग गंभीर बीमारियों से प्रभावित होते हैं। इसके साथ ही पारिवारिक रिश्तों में तनाव, विश्वास की कमी और आर्थिक संकट जैसी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। मधुबन से आए बीके यशवंत भाई ने कहा कि नशा मुक्ति समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। नशे के कारण व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों जैसे मुंह का कैंसर, फेंफड़ों का कैंसर और लीवर संबंधी रोगों का शिकार हो जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और सही मार्गदर्शन के माध्यम से ही समाज को नशे की बुराई से मुक्त किया जा सकता है। सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों को नशा छोडऩे और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button