जालौन
संदिग्ध परिस्थितियों में लाखों की चोरी की सूचना, पुलिस जांच में जुटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। रेंढ़र थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात प्रकाश में आई है जिसमें चोरों के द्वारा लाखों रुपया जेवरात एवं नगद रूपए की चोरी किया जाना बताया जा रहा है।
प्राप्त विवरण के अनुसार थाना रेढ़र क्षेत्र के ग्राम कुरतला निवासी अनिल कुमार यादव ने डायल 112 पर सूचना देकर अवगत कराया कि अज्ञात चोर रात के समय उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। सूचना पर पीआरवी 5705 की टीम और थाना रेंढर पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम शंकर कटियार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि जिस कमरे से चोरी होने की बात कही जा रही है, उसके निकट ही घर का आंगन है, जहां घटना की रात परिवार के कई सदस्य अलग-अलग चारपाइयों पर सो रहे थे। पुलिस के अनुसार जिस स्थान से चोरों के घर में प्रवेश करने की बात बताई गई, वहां लगभग 17 फुट ऊंची दीवार है। निरीक्षण के दौरान वहां किसी न्यक्ति के आने-जाने के स्पष्ट निशान भी नहीं मिले। ग्रामीणों से बातचीत एवं जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि शिकायतकर्ता बीमा एजेंट का कार्य करता है और क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा उससे अपने जमा धन की मांग की जा रही है। पुलिस को घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त हुई है, जिनकी सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि चोरी की सूचना को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
