शामली

आरसीसी सड़क निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने

एक पक्ष ने रुकवाया काम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। क्षेत्र के ऊदपुर ग्राम पंचायत के मजरा मंगलोरा में आरसीसी सड़क निर्माण को लेकर शनिवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया। एक पक्ष ने सड़क को ग्राम सभा की भूमि बताते हुए निर्माण कार्य जारी रखने की मांग की, जबकि दूसरे पक्ष ने जमीन को निजी बताते हुए सड़क निर्माण का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंगलोरा गांव में राजसिंह के घर के सामने से लेकर विरेन्द्र के मकान तक करीब 90 फुट लंबी आरसीसी सड़क ग्राम पंचायत की ओर से बनाई जा रही थी। शनिवार शाम निर्माण के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटों का रोड़ा डाला जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रामवीर, रणवीर समेत आठ-दस युवक लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और सड़क को निजी जमीन बताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने ट्रैक्टर चालक को वहां से हटने के लिए कहा।
शोर-शराबा होने पर दूसरे पक्ष के सुमित, अमित और ओमकार भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ने लगी तो किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अपने-अपने कागजात लेकर चौकी पहुंचने के निर्देश दिए। आरोप है कि सुमित, अमित और ओमकार अपने कागजात लेकर चौकी पहुंचे, जबकि दूसरे पक्ष के लोग वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद सुमित, अमित और ओमकार ने चौसाना पुलिस को तहरीर देकर आरसीसी सड़क निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि मंगलोरा में करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। एक पक्ष द्वारा काम रुकवाए जाने के कारण फिलहाल निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। विवाद समाप्त होने के बाद आगे का कार्य शुरू कराया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button