बागपत

महर्षि नारद जयंती पर पत्रकारों का सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। विश्व संवाद केंद्र मेरठ की ओर से वात्स्यायन पैलेस, बागपत में महर्षि नारद जयंती एवं हिंदी पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के पत्रकारों का स्वागत एवं सम्मान किया गया तथा हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर पत्रकारिता के योगदान पर चर्चा की गई।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा, महेंद्रगढ़ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रोफेसर श्री प्रशांत कुमार ने महर्षि नारद के व्यक्तित्व एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महर्षि नारद को विश्व का प्रथम संवाददाता माना जाता है। उन्होंने कहा कि संवाद और सूचना समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा पत्रकारिता समाज का दर्पण होती है। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से विचार रखते हुए कहा कि निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य करती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रिटायर्ड प्रधानाचार्य जुगल किशोर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है तथा सत्य और निष्पक्षता के साथ कार्य करना ही पत्रकारिता का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों का माल्यार्पण एवं सम्मान कर हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन सह जिला प्रचार प्रमुख दीपक शर्मा एडवोकेट ने किया।
इस मौके पर राजकुमार, दिनेश कुमार, नगेश शर्मा एडवोकेट, प्रवीण, मोहित जैन, राजेंद्र दोघट सहित अनेक गणमान्य लोग एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button