ललितपुर
डोंगराखुर्द लेखपाल पर भ्रष्टाचार के आरोप, निलंबन की उठी मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को भेजा शिकायती पत्र, हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील महरौनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोंगराखुर्द के लेखपाल निशांत तिवारी पर भ्रष्टाचार और न्यायालय के आदेशों की अनदेखी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अभिषेक साहू ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपी लेखपाल को तत्काल निलंबित करने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत डोगरा खुर्द में कृषि पट्टा आवंटन के नाम पर लेखपाल द्वारा ग्रामीणों से अवैध रूप से धनराशि वसूली जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस संबंध में एक पत्रावली भी तैयार की गई है, जिसे उच्च अधिकारियों से स्वीकृत कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा नेता अभिषेक साहू ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि माननीय इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा रिट संख्या 34879/2023 में 15 दिसंबर 2025 को पारित आदेश के तहत भू-आवंटन की कार्यवाही पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद आरोप है कि लेखपाल द्वारा किसानों से पट्टे के नाम पर धन वसूला जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि यदि गांव में निष्पक्ष जांच कराई जाए तो ग्रामीणों से की गई कथित अवैध वसूली की पुष्टि हो सकती है। साथ ही आरोप लगाया गया कि लेखपाल निशांत तिवारी द्वारा न केवल न्यायालय के आदेशों, बल्कि आयुक्त झांसी, जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी महरौनी और तहसीलदार महरौनी के निर्देशों की भी लगातार अवहेलना की जा रही है। अभिषेक साहू ने कहा कि ऐसे मामलों से शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि आरोपी लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय एवं दंडात्मक जांच कराई जाए। बताया गया है कि इस शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राजस्व मंत्री एवं कमिश्नर झांसी सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है। इस दौरान शिकायत पत्र में राजा सिंह, मनोज कुमार, फूलचंद, नन्दलाल, भानुन सिंह और प्रताप सिंह सहित अन्य ग्रामीणों के भी हस्ताक्षर बताए गए हैं।



