
तालाबपुरा में सिंचाई विभाग की भूमि और निजी प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मोहल्ला तालाबपुरा में सरकारी जमीन और निजी आवासीय प्लॉट पर कथित अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीडि़त परिवार ने कुछ दबंगों और भूमाफियाओं पर सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि तथा निजी प्लॉट पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विरोध करने पर परिवार के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का भी आरोप लगाया गया है। तालाबपुरा निवासी सौरभ जैन पुत्र कोमलचन्द जैन द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि उनकी मां मीना जैन के नाम पर आराजी संख्या 3147 में स्थित एक आवासीय प्लॉट वर्ष 2007 में खरीदा गया था। उक्त प्लॉट पर उनकी मां का वैधानिक स्वामित्व है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोगों द्वारा संगठित रूप से उनके प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आरोप है कि इन लोगों ने पास स्थित सिंचाई विभाग की करीब 1100 वर्गफीट सरकारी भूमि पर भी अवैध कब्जा कर रखा है। सौरभ जैन का कहना है कि जब उनके परिवार ने इस कथित कब्जे का विरोध किया और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, तब सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर जांच भी की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार जांच में कब्जा अवैध पाया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया कि शिकायत करने से नाराज होकर विपक्षी पक्ष ने रंजिशन उनके खिलाफ कोतवाली ललितपुर में मुकदमा अपराध संख्या 501/2026 दर्ज करा दिया। यह मुकदमा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत पंजीकृत किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह कार्रवाई उन्हें दबाव में लेने और शिकायत वापस कराने के उद्देश्य से की गई है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सौरभ जैन ने मांग की है कि दर्ज मुकदमे की किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।



