
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के थाना सैद नगली क्षेत्र के गांव वाहपुर में गुरुवार को एक युवक का शव आम के पेड़ पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव वाहपुर निवासी 22 वर्षीय शरद उर्फ कपिल पुत्र मुकेश कुमार का शव गांव से करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके आम के बाग में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटका मिला। युवक को पेड़ पर लटका देख ग्रामीणों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में युवक को नीचे उतारकर नगर के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। उन्होंने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना अध्यक्ष संजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
बताया गया कि मृतक शरद की शादी गत 22 नवंबर को उझारी निवासी सलोनी के साथ हुई थी। वह छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और हाल ही में एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रहा था। बेटे की मौत से मां सविता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष संजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




