नाबालिग बालिका से अभद्रता करने वाले 3 बाल अपचारी पुलिस हिरासत में
महिला सुरक्षा अभियान के तहत झिंझाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शामली झिंझाना। थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर अमर्यादित टिप्पणी करने तथा विरोध करने पर धमकी देने के मामले में थाना झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर 28 मई को थाना झिंझाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के नेतृत्व में थाना झिंझाना पुलिस ने तीनों बाल अपचारियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


