नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव भूरा के पास रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने छोटे हाथी वाहन में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बागपत जनपद के थाना दोघट क्षेत्र स्थित गांव इदरीशपुर निवासी शिवा पुत्र शिवसत राम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह 29 मई को अपने बड़े भाई शिवम के नाम पंजीकृत छोटे हाथी वाहन यूपी17बीटी-7206 से परिवार के सदस्यों के साथ गांव गोगवान में एक रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे जब उनका वाहन गांव भूरा स्थित मंदिर के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही कार यूपी12 ए एम 3534 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए छोटे हाथी में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगने से रामबीर पत्नी शिवसत राम, शिवानी पुत्री शिवसत राम तथा लोकेन्द्र पुत्र रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना की सूचना डायल-112 और एम्बुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़ित ने कार चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
