जालौन
जयपुर में मुख्यमंत्री ने किया होल्कर कीर्ति ध्वजा-अहिल्याबाई होल्कर महाकाव्य का विमोचन
आरएसएस उरई के विभाग प्रचारक अखिलेश शुक्ल ने किया महाकाव्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रख्यात लेखक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उरई में विभाग प्रचारक तथा कानपुर प्रांत के सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख रहे अखिलेश कुमार शुक्ला द्वारा रचित पुस्तक होलकर कीर्ति ध्वजा-अहिल्याबाई होल्कर महाकाव्य का विमोचन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमंत उदय सिंह राजे होल्कर ने की। इस अवसर पर राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ तथा राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम की विशेष एवं गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में आगरा से डॉ. मनोज शर्मा एवं राघवेंद्र शुक्ला भी अखिलेश कुमार शुक्ला के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य, इतिहास एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। लेखक अखिलेश कुमार शुक्ला की यह पुस्तक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों, धर्म एवं संस्कृति के प्रति उनकी अगाध निष्ठा, राष्ट्रप्रेम तथा उनकी दूरदर्शी राष्ट्रनीति को महाकाव्यात्मक शैली में प्रस्तुत करती है। पुस्तक में अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व और कृतित्व के विभिन्न आयामों का विस्तार से वर्णन किया गया है। वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, सुशासन, सेवा और राष्ट्रनिष्ठा की अद्वितीय प्रतीक थीं तथा उनके जीवन से आज भी समाज को प्रेरणा मिलती है। पुस्तक उनके महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।



