जालौन

खेल मैदान की मांग बनी जनआंदोलन, जालौन में युवाओं ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान

एक हजार हस्ताक्षर जुटाकर मुख्यमंत्री को भेजेंगे ज्ञापन, स्टेडियम निर्माण की मांग हुई तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। नगर में खेल मैदान और स्टेडियम की वर्षों पुरानी मांग अब जनसमर्थन के साथ नई रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है। खेल सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे युवाओं ने अब हस्ताक्षर अभियान शुरू कर इस मुद्दे को जन आंदोलन का स्वरूप देना शुरू कर दिया है। अभियान के तहत नगरवासियों के हस्ताक्षर जुटाकर मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों को ज्ञापन भेजने की तैयारी की जा रही है।
अभियान से जुड़े युवाओं ने बताया कि उनका लक्ष्य करीब एक हजार लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित करना है। हस्ताक्षर अभियान पूरा होने के बाद मांग पत्र शासन और प्रशासन को भेजा जाएगा, ताकि जालौन में खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से रखा जा सके। युवाओं का कहना है कि जालौन में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेल संसाधनों और उपयुक्त मैदान के अभाव में खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स समेत विभिन्न खेलों से जुड़े सैकड़ों युवाओं को अभ्यास के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में खिलाड़ियों को सड़कों के किनारे, खाली प्लॉटों या अस्थायी स्थानों पर अभ्यास करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। गौरतलब है कि नगर में स्टेडियम निर्माण की मांग पिछले करीब दो वर्षों से लगातार उठती रही है। सामाजिक संगठनों, खिलाड़ियों और युवाओं द्वारा कई बार जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। हर बार केवल आश्वासन मिलने से युवाओं में निराशा बढ़ी है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि खेल मैदान केवल खिलाड़ियों की जरूरत नहीं, बल्कि नगर के समग्र विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा विषय है। उनका मानना है कि यदि समय रहते खेल सुविधाओं का विकास नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को भी इसी समस्या का सामना करना पड़ेगा। हस्ताक्षर अभियान में नगर के विभिन्न वर्गों के लोग भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। अभियान को मिल रहे जनसमर्थन से युवाओं में उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि हजारों लोगों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचेगी तथा जालौन को जल्द ही उसका बहुप्रतीक्षित खेल मैदान और स्टेडियम मिल सकेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button