जालौन
एसडीएम रिंकू सिंह राही ने समर कैम्प समापन समारोह में बच्चों का बढ़ाया उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। नगर के प्रतिष्ठित सेठ वीरेंद्र कुमार विद्यालय में आयोजित समर कैम्प का भव्य समापन समारोह उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) जालौन रिंकू सिंह राही ने शिक्षित की और बच्चों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में एसडीएम रिंकू सिंह राही ने कहा कि “जीवन में सपनों को साकार करने के लिए खुश रहना, सकारात्मक सोच रखना और निरंतर प्रयास करना बेहद जरूरी है। आत्मविश्वास और अनुशासन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।” उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने का आह्वान किया। समारोह में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल भी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने समर कैम्प में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समर कैम्प के दौरान बच्चों ने खेलकूद, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए समर कैम्प की उपलब्धियों और बच्चों में विकसित हुए कौशलों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में प्रमाणपत्र प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया, जिससे पूरा समारोह यादगार बन गया।

