
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। कोतवाली जालौन पुलिस की सक्रियता और मिशन शक्ति टीम की तत्परता से एक गुमशुदा तीन वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चे के मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम यदुवंशी थाना कोतवाली उरई निवासी श्रीमती कुसुम देवी पत्नी देवेंद्र पाल अपने पिता हीरालाल व भाई सूरज के साथ मंगलवार को कोतवाली जालौन स्थित मिशन शक्ति केंद्र पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनकी शादी आगामी 18 जून 2026 को है और वह खरीदारी के लिए अपने पिता व भाई के साथ तीन वर्षीय पुत्र नवल को लेकर जालौन बाजार आई थीं। इसी दौरान एक दुकान पर सामान खरीदते समय उनका पुत्र अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन मदद के लिए पुलिस के पास पहुंचे। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय कुमार यति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी रोमियो टीम की उप निरीक्षक मधु, प्रकांक्षा एवं 711 रुचि को बच्चे की तलाश के लिए तत्काल रवाना किया। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान झांडा चैराहे के पास ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड 499 चंद्र सिंह को एक मासूम बच्चा अकेला घूमता मिला। पूछताछ और पहचान के बाद बच्चे को सुरक्षित कोतवाली लाया गया। थाने में परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक पूछताछ के बाद तीन वर्षीय नवल को उसकी मां कुसुम देवी के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान पुलिस ने परिजनों को बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर भावुक हुई कुसुम देवी ने पुलिस टीम का धन्यवाद देते हुए कहा कि समय पर मिली मदद से उनका परिवार बड़ी परेशानी से बच गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है तथा इसी भावना के साथ टीम लगातार कार्य कर रही है।

