गोड्डा
ऊर्जानगर में एकल अभियान की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित
पर्यावरण दिवस व योग दिवस को लेकर बनी कार्य योजना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा प्रखंड के ऊर्जानगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में एकल अभियान के तहत संचालित एकल विद्यालयों की आचार्याओं की मासिक रिपोर्टिंग एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संच अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने की। बैठक में बीते माह के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जून माह में संचालित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।बैठक को संबोधित करते हुए महागामा खंड के खंड कार्यवाह रितिक जी ने बताया कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस एवं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक एकल विद्यालय में बच्चों एवं अभिभावकों की सहभागिता के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी आचार्याओं को निर्देश दिया कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 5 जून को प्रत्येक गांव में कम से कम पांच-पांच पौधे लगाए जाएं तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया जाए। उन्होंने कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से पंचमुखी शिक्षा व्यवस्था पर कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, ग्राम विकास शिक्षा, स्वाभिमान जागरण शिक्षा एवं संस्कार शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में देशभर में एकल अभियान के तहत लगभग 1 लाख 10 हजार विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जो ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का कार्य कर रहे हैं।बैठक में अंचल अभियान प्रमुख हेमकांत सिंह, संच प्रशिक्षक मिलन कुमार सहित आचार्या जूली, पार्वती, काजल, अलका, पायल, पूजा एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा समाज में शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।



