
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना महरौनी क्षेत्र के ग्राम भडराउ निवासी एक महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया। मामले में सोशल मीडिया एवं क्षेत्र में पति द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने की चर्चाओं के बीच पुलिस ने प्रारंभिक जांच में ऐसे आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका ने लगभग तीन वर्ष पूर्व गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। महिला गर्भवती थी और प्रसव पीड़ा होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) महरौनी में भर्ती कराया गया था। वहां चिकित्सकों की निगरानी में प्रसव कराया गया, लेकिन डिलीवरी के बाद नवजात शिशु को मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि प्रसव के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगडऩे लगी, जिसके चलते चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ललितपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी महरौनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पति द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने संबंधी आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और ऐसे आरोप फिलहाल निराधार पाए गए हैं। सीओ का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अन्य तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



