
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिला कलेक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान की शुरुआत करते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आम का पौधा लगाकर अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।
इसके बाद जिला कलेक्टर ने खैरथल स्थित वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर्सरी में तैयार किए जा रहे विभिन्न प्रजातियों के पौधों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से पौधों की संख्या, प्रजातियों, पिछले वर्ष तैयार एवं वितरित किए गए पौधों तथा आगामी मानसून के लिए निर्धारित लक्ष्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिला कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार किए जाएं, ताकि जिलेभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि लगाए गए पौधों का जीवित रहना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उनका रोपण। उन्होंने वन विभाग को लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत जिला कलेक्टर ने नर्सरी परिसर में गूलर का पौधा रोपित किया। वहीं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जामुन का पौधा लगाया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का स्मरण है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से हरियालो राजस्थान अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसीएफ संजय चौधरी ने बताया कि जिले में मानसून सत्र के दौरान बड़े स्तर पर हरियालो राजस्थान अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, ग्राम पंचायतों तथा वन क्षेत्रों में लाखों पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

