शामली
धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा कराने और मकान गिराने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी एक दंपति ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी तथा अन्य उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर जमीन की कथित धोखाधड़ी, कब्जे के प्रयास और मकान ध्वस्त किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी सन्नो पत्नी गय्यूर का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2023 में दानपत्र के माध्यम से कृषि भूमि का वैध स्वामित्व प्राप्त किया था। शिकायत के अनुसार उक्त भूमि गांव गंगेरू उत्तरी क्षेत्र में स्थित है तथा आबादी से सटी हुई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर उनकी भूमि का फर्जी तरीके से बैनामा अपने नाम करा लिया।पीड़िता का कहना है कि अक्टूबर और नवंबर 2024 में दो अलग-अलग बैनामों के माध्यम से भूमि का विक्रय दर्शाया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 29.30 लाख रुपये दिखाई गई। बैनामे में भुगतान चेक के माध्यम से होना दर्शाया गया, लेकिन वास्तविकता में केवल पांच लाख रुपये ही उनके खाते में पहुंचे। आरोप है कि बाद में इसी राशि में से भी 2.40 लाख रुपये धोखे से वापस दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए गए।आरोप है कि पर्याप्त भुगतान किए बिना ही आरोपियों ने भूमि का बैनामा अपने पक्ष में दर्ज करा लिया, जो धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के विरुद्ध कार्रवाई कराए जाने के दौरान उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर आरोपियों ने भूमि पर कब्जा करने की नीयत से वहां बने मकान को जेसीबी मशीन से तुड़वा दिया। गुरुवार को पीड़िता ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। साथ ही भूमि और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।