शामली
छत पर पानी की सप्लाई बंद करने गई महिला पर बंदर का हमला, घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। नगर के मोहल्ला रायजादगान में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को एक महिला पर बंदर ने हमला कर उसे घायल कर दिया। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद उसे छुट्टी दे दी।
नगर एवं क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसके चलते आए दिन महिला, पुरुष और बच्चे बंदरों व कुत्तों के हमलों का शिकार होकर घायल हो रहे हैं। गुरुवार को मोहल्ला रायजादगान निवासी 50 वर्षीय महिला सुमन पत्नी कृष्ण अपने मकान की छत पर पानी के टैंक की सप्लाई बंद करने के लिए गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक बंदर ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। बंदर के हमले में महिला घायल हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से बंदर को भगाया।इसके बाद परिजन घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद महिला को घर भेज दिया।सरकारी चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार के आवारा जानवर के काटने या हमला करने की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए। लापरवाही बरतना जानलेवा साबित हो सकता है।