ललितपुर
फॉलोवर चन्द्रशेखर तिवारी को पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
एएसपी सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में तैनात फॉलोवर चन्द्रशेखर तिवारी के आकस्मिक निधन पर रिजर्व पुलिस लाइन्स में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक सलामी देकर अंतिम सम्मान प्रदान किया। मूल रूप से फैजाबाद जिला अयोध्या अंतर्गत थाना मवई के ग्राम सण्डवा निवासी फॉलोवर चन्द्रशेखर तिवारी पुत्र स्व.राजेन्द्र प्रसाद तिवारी वर्तमान में जिले के पुलिस विभाग में तैनात थे। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एएसपी कालू सिंह ने दिवंगत कर्मी के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पुलिस बल द्वारा शोक सलामी दी गई और दिवंगत कर्मी की सेवाओं को याद करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी गई। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। श्रद्धांजलि सभा में जिले के कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत चन्द्रशेखर तिवारी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा को सदैव याद रखा जाएगा।



