ललितपुर
बिना लाइसेंस चल रही मसाला पैकिंग यूनिट पर खाद्य विभाग का छापा
हल्दी, धनिया और मिर्च पाउडर के नमूने लिए, 43 हजार रुपये से अधिक का माल किया सीज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को मसालों की गुणवत्ता जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जाखलौन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मसाला पैकिंग इकाई पर छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान बिना वैध लाइसेंस संचालित हो रही यूनिट से मसालों के नमूने संग्रहित किए गए तथा बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री और पैकिंग सामग्री को सीज कर दिया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी ललितपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खुशीपुरा, जाखलौन स्थित रिया गोल्ड मसाले प्रतिष्ठान पर छापा मारा। यह प्रतिष्ठान रामकुमार साहू द्वारा संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान में रखे हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और मिर्च पाउडर के एक-एक नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु भेजे गए। इसके साथ ही 13 किलोग्राम हल्दी (मूल्य लगभग 2,600 रुपये), 200 किलोग्राम धनिया पाउडर (मूल्य लगभग 30,000 रुपये) तथा 45 किलोग्राम मिर्च पाउडर (मूल्य लगभग 11,250 रुपये) को सीज कर दिया गया। जांच के दौरान जब खाद्य कारोबारकर्ता से खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया तो उसके पास वैध लाइसेंस अथवा आवश्यक पंजीकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। निरीक्षण में 25 बोरियों में रखी लगभग 625 किलोग्राम पैकिंग सामग्री भी बरामद हुई, जिसे विभागीय टीम ने सीज कर दिया। खाद्य कारोबारकर्ता ने पूछताछ में बताया कि वह ललितपुर से मसाले पिसवाकर अपने घर पर उनकी पैकिंग करता है। हालांकि उसके पास केवल खुदरा व्यापार का पंजीकरण था, जबकि इस प्रकार की पैकिंग एवं निर्माण संबंधी गतिविधियों के लिए आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। इस पर विभाग ने लाइसेंस एवं आवश्यक पंजीकरण प्राप्त होने तक उसके व्यवसाय का संचालन बंद करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस छापामार कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय विनोद कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.एस. निरंजन एवं नागेंद्र कुमार शामिल रहे।
खाद्य विभाग की सख्ती से मचा हड़कंप
मसालों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस एवं मानकों के विपरीत खाद्य कारोबार करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।



