गाजियाबाद

लोनी नगरपालिका के वार्ड 41 में नए बिजलीघर की मांग

पार्षद अंकुश जैन ‘मिंकू’ ने मुख्य विद्युत अभियंता को भेजा प्रस्ताव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। नगरपालिका परिषद वार्ड संख्या 41 के पार्षद अंकुश जैन ‘मिंकू’ ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत समस्याओं को लेकर मुख्य विद्युत अभियंता, गाजियाबाद को पत्र भेजकर नए विद्युत उपकेंद्र (बिजलीघर) की स्थापना गुलाब वाटिका कालोनी में करने की मांग की है।

पार्षद अंकुश जैन ने विधुत अधिकारियों को लिखे अपने पत्र में कहा है कि लोनी क्षेत्र के निवासियों को आए दिन बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका मानना है कि बलराम नगर विद्युत उपकेंद्र पर लोनी बॉर्डर क्षेत्र की कई कॉलोनियों का अत्यधिक विद्युत भार होने के कारण आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

उन्होंने सुझाव दिया कि वार्ड संख्या 41 स्थित गुलाब वाटिका क्षेत्र में उपलब्ध स्थान पर नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाए। इससे क्षेत्र का विद्युत भार विभाजित होगा और हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
पार्षद ने यह भी बताया कि लोनी बॉर्डर थाना के निकट सरकारी भूमि उपलब्ध होने की जानकारी है, जिसका उपयोग बिजलीघर निर्माण के लिए किया जा सकता है। उन्होंने विभाग से तकनीकी सर्वेक्षण कर प्रस्ताव की व्यवहारिकता का आकलन करने का अनुरोध किया है।
अंकुश जैन ‘मिंकू’ ने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए विभाग को इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बिजली संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि आवश्यक सर्वेक्षण एवं प्रक्रिया पूरी कर जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button