बालाघाट
208 कोबरा बटालियन में विश्व रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन
जवानों ने लिया समय-समय पर रक्तदान करने का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : आज विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 208 कोबरा बटालियन में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर वाहिनी के कमान्डेंट श्री शशि भूषण सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन और नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य संकट के समय जरूरतमंदों की मदद करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना है। शिविर की शुरुआत करते हुए कमान्डेंट श्री शशि भूषण सिंह बिष्ट ने उपस्थित कार्मिकों को संबोधित किया और रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए इसके महत्व के बारे में बताया। कमान्डेंट महोदय की प्रेरणा से प्रेरित होकर 208 कोबरा के सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने अत्यंत उत्साह के साथ शिविर में भाग लिया और भारी संख्या में रक्तदान करके इस आयोजन को सफल बनाया।
इस विशेष अवसर पर कमान्डेंट श्री शशि भूषण सिंह बिष्ट के साथ वाहिनी के सभी सदस्यों ने भविष्य में समय-समय पर स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने की भावपूर्ण शपथ भी ली। शिविर के सफल संचालन के लिए कमान्डेंट महोदय ने रक्तदाताओं और मेडिकल टीम की सराहना की और आभार व्यक्त किया।




