नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव असदपुर जिडाना निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सहारनपुर मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के गांव असदपुर जिडाना निवासी रामकिशन पुत्र प्रकाशा ने डीआईजी को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को गांव निवासी मोनू पुत्र हरपाल विगत 21 मई को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने अगले दिन थाने पहुंचकर शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।पीड़ित का आरोप है कि कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने उसकी पुत्री की बरामदगी के लिए कोई प्रयास नहीं किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक शामली से शिकायत की, जिसके बाद थाने की पुलिस ने छह जून को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित व्यक्ति का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आरोपी की तलाश और नाबालिग पुत्री की बरामदगी के लिए गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के घर जाकर भी पुलिस द्वारा कोई पूछताछ नहीं की गई तथा थाने पर जाने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता।पीड़ित ने डीआईजी से अपनी नाबालिग पुत्री की शीघ्र बरामदगी तथा आरोपी और उसके सहयोगियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित व्यक्ति ने अपना एक शिकायती पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री को भेज कर न्याय की गुहार लगाइए और पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाये है।


