शामली
नगर पंचायत कर्मी से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में नगर पंचायत कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद नगर पंचायत कर्मचारी भी धरना समाप्त कर वापस काम पर लौट आए हैं।
थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में नगर पंचायत कर्मी प्रयास के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। आरोप है कि आरोपियों ने कर्मचारी का गला दबाने का भी प्रयास किया था।आक्रोशित नगर पंचायत कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर दिया था, जो चार दिनों तक जारी रहा।
मामले में अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप ने भी सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने अधिशासी अधिकारी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और काम पर लौट आए।थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

