बरेली
प्रमुख सचिव/नोडल अधिकारी ने विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं
जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा राजस्व संबंधी कार्यों की करी समीक्षा
योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश,
पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर किया जाए विशेष फोकस-नोडल अधिकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली । प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद बरेली के नोडल अधिकारी सौरभ बाबू की अध्यक्षता में आज समस्त विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसामान्य को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने एवं कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री सी0एम0 डैशबोर्ड पर प्रदेश में जनपद की रैंकिंग प्रथम स्थान पर है, राजस्व विभाग व विकास कार्यों की रैंकिंग में जनपद प्रदेश में तीसरे स्थान पर है तथा ओवरऑल की रैंकिंग में जनपद बरेली प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
बैठक में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति फारवर्ड करने में जिन शिक्षण संस्थानों ने विगत वर्ष देरी की हो, जिसके कारण छात्र छात्रवृत्ति से वंचित रह गए हों उनको बुलाकर समीक्षा की जाए, जिससे ऐसी पुनरावृत्ति ना हो। निराश्रित महिला पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी।
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गयी कि पेस्टीसाइड/ बायो पेस्टीसाइड का क्रय करने पर किसान के खातों में डीबीटी के माध्यम से अनुदान की धनराशि सीधे जाती है। किसान सम्मान निधि अब फार्मर रजिस्ट्री होने पर ही मिलेगी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की भी समीक्षा की गयी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गयी और निर्देश दिए गए कि पात्र लाभार्थियों का चयन कर उक्त योजना से लाभान्वित किया जाए।
बैठक में नोडल अधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि नरेगा योजना के अन्तर्गत माह अप्रैल व मई में कार्य की गति धीमी हो गयी है अतः इसमें गति बनाए रखने के निर्देश दिए गए ।
बैठक में जल जीवन मिशन की समीक्षा की गयी, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि ओवरहेड टैंक, हाउस होल्ड कनेक्शन व रोड रेस्टोरेशन की जांच हेतु संबंधित अधिकारियों को लगाकर जांच करायी जा रही है और जिन परियोजनाओं में 80 से 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है उन पर फोकस कर शतप्रतिशत कार्य पूर्ण कराया जा रहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत जनपद में मात्र 10 विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण का कार्य तकनीकी कारणों से अवशेष हैं।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पांचवा वित्त आयोग, लोक निर्माण विभाग, सहकारी दुग्ध समितियों को दूध मूल्य भुगतान, सहित विभाग योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सी0एम0 डैशबोर्ड के अन्तर्गत राजस्व पैरामीटरों की समीक्षा की गयी, सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं पर विशेष फोकस किये जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भण्डारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, सचिव बरेली विकास प्राधिकरण वंदना श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।



