शामली
हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक भाजपा नेता नरेश सैनी को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता और हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल माने जाने वाले नरेश चंद्र सैनी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नगर एवं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन और विदाई देने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी नरेश चंद्र सैनी लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से जुड़े हुए थे। वह बिना किसी जाति और धर्म के भेदभाव के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। यही कारण रहा कि उनके निधन पर हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।कस्बावासियों के अनुसार नरेश सैनी वर्ष 2001 से लगातार नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ते रहे। कई बार बेहद कम मतों के अंतर से हार का सामना करने के बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और लगातार जनसेवा में सक्रिय रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी धर्म और जाति की राजनीति नहीं की, बल्कि समाज को जोड़ने का कार्य किया।मंगलवार को उनके अंतिम संस्कार में क्षेत्र की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और सैकड़ों लोगों ने शिरकत कर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके निधन से नगर ने एक ऐसे समाजसेवी और जनप्रिय नेता को खो दिया, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।




